Saturday, August 20, 2011

हरिपुर में परमाणु संयंत्र नहीं लगने देंगी ममता


: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने बुधवार को केंद्र सरकार तगड़ा झटका देते हुए पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हरिपुर में प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र नहीं लगने देने का एलान कर दिया। यही नहीं सरकार ने यह भी साफ कर दिया कि राज्य में अब एक भी परमाणु उर्जा केंद्र स्थापित नहीं होगा। विधानसभा में पूछे गये सवालों के जवाब में ऊर्जा मंत्री मनीष गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार हरिपुर में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित नहीं करने का निर्णय लिया है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व वाममोर्चा सरकार ने परियोजना के बारे में लोगों को गुमराह किया था। वर्तमान सरकार राज्य के किसी भी क्षेत्र में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के पक्ष में नहीं है। उल्लेखनीय है कि अपनी रूस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हरिपुर समेत देश में पांच परमाणु ऊर्जा केंद्र खोलने के समझौते पर हस्ताक्षर किया था। पूर्व मेदिनीपुर के हरिपुर में 1000 मेगावाट परमाणु ऊर्जा केंद्र के साथ परमाणु पार्क विकसित करने के लिए रूसी कंपनी रोस्टम को केंद्र सरकार ने पर्यावरण की मंजूरी के साथ-साथ भूमि भी आवंटित कर दी थी। स्थानीय किसानों और मछुआरों ने आजीविका से बेदखली और जानमाल के नुकसान के भय से कई गैर सरकारी संगठनों की मदद को लेकर परियोजना के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया था। हालांकि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने पिछले वर्ष ही परियोजना को मंजूरी दे दी थी। कुछ पर्यावरणविदें और वैज्ञानिकों ने इस परियोजना से पर्यावरण को नुकसान होने की चिंता जताई थी। अंतत: प. बंगाल सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि राज्य में परमाणु बिजली केंद्र स्थापित करने की उसकी कोई योजना नहीं है।


No comments:

Post a Comment